Homeखटाखट स्टोरीBikaner : पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर से मारपीट, रेजिडेंट चिकित्सकों ने...

Bikaner : पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टर से मारपीट, रेजिडेंट चिकित्सकों ने किया कार्य बहिष्कार

आपणी हथाई न्यूज, संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम एक बार फिर विवादों में आ गया है। ट्रॉमा सेंटर में देर रात रेजिडेंट डॉक्टर के साथ मारपीट की घटना के बाद शनिवार सुबह अस्पताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना से नाराज रेजिडेंट डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार की घोषणा कर दी, जिससे ट्रॉमा सेंटर की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं।

जानकारी के अनुसार देर रात सड़क हादसे में घायल एक युवती को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद रेजिडेंट डॉक्टर डॉ. प्रतिभा अन्य मरीज के सीटी स्कैन की प्रक्रिया के लिए स्कैन रूम पहुंचीं। इसी दौरान घायल युवती भी वहां पहुंच गई, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने तूल पकड़ लिया और आरोप है कि युवती ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया, जिससे उन्हें चोटें आईं।

घटना के बाद ट्रॉमा सेंटर में हड़कंप मच गया और अस्पताल स्टाफ मौके पर एकत्रित हो गया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची, लेकिन काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ चिकित्सकों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया।

वहीं इस घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने शनिवार सुबह से कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। इसके चलते सर्जरी, न्यूरोसर्जरी और ऑर्थोपेडिक सहित ट्रॉमा सेंटर की कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हुई हैं। चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए बिना वे कार्य पर लौटने के पक्ष में नहीं हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

 



ताजा खबर