

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के मुक्ताप्रसाद नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने पति को जहरीला पदार्थ खिलाकर जान से मारने की साजिश रचने के आरोप में महिला के प्रेमी माणक कुमावत को गिरफ्तार किया है। इससे पहले आरोपी महिला भगवती को भी पुलिस हिरासत में लिया जा चुका है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक श्याम सुंदर की शादी करीब दो महीने पहले भगवती से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद भगवती का अपने प्रेमी मानक कुमावत से संपर्क बना रहा और दोनों ने मिलकर श्याम सुंदर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि 22 मई को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर श्याम सुंदर को दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मामले की सूचना मिलने पर मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रेमी मानक कुमावत (24 वर्ष) निवासी नत्थूसर बास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका और साजिश के पहलुओं की जांच कर रही है।


