

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के सागर हवेली होटल में आयोजित ‘आज संवाद’ कार्यक्रम के दौरान मोदी स्कूल (Mody School) और मोदी यूनिवर्सिटी (Mody University) की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान मोदी यूनिवर्सिटी के जॉइंट डीन (एडमिशन) राहुल सिंह शेखावत और राहुल सोनी ने पत्रकारों को सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं और संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
प्रेस वार्ता में बताया गया कि मोदी स्कूल छात्राओं को आधुनिक शिक्षा के साथ सुरक्षित और अनुशासित बोर्डिंग वातावरण उपलब्ध करा रहा है। संस्थान में सीबीएसई पाठ्यक्रम के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। स्कूल प्रशासन का दावा है कि यहां छात्राओं को अकादमिक शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, खेल, कला और लीडरशिप स्किल्स पर भी प्रशिक्षण दिया जाता है।
राहुल सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए कहा कि मेधावी छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष स्कॉलरशिप योजना लागू की गई है। 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 75 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति दी जाएगी। वहीं 85 से 90 प्रतिशत अंक पर 50 प्रतिशत, 80 से 85 प्रतिशत अंक पर 25 प्रतिशत और 75 से 80 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को 10 प्रतिशत तक फीस में छूट मिलेगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी बताया गया कि रक्षा, अर्धसैनिक बल और पुलिस कर्मियों के बच्चों के लिए अलग से विशेष छात्रवृत्ति योजना चलाई जा रही है। शहीद या सेवा के दौरान दिवंगत जवानों के बच्चों को वार्षिक ट्यूशन फीस में 50 प्रतिशत तक राहत दी जाएगी, जबकि वर्तमान एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों को 35 प्रतिशत तक की स्कॉलरशिप प्रदान की जाएगी।
राहुल सोनी ने कहा कि स्कूल और यूनिवर्सिटी दोनों संस्थानों में छात्राओं को वैश्विक स्तर की शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। संस्थान में आईआईटी-जेईई, नीट, क्लैट और यूपीएससी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष अकादमिक सपोर्ट और अनुभवी फैकल्टी उपलब्ध कराई जा रही है।
प्रबंधन की ओर से बोर्डिंग छात्राओं की दिनचर्या को लेकर भी जानकारी साझा की गई। सुबह खेल गतिविधियों से लेकर शाम की सेल्फ स्टडी और मेडिटेशन तक संतुलित शेड्यूल तैयार किया गया है ताकि छात्राओं का मानसिक और शारीरिक विकास एक साथ हो सके। स्कूल में सुरक्षा, अनुशासन और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का दावा भी किया गया।
संस्थान की फीस संरचना के अनुसार नए प्रवेश के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 5 हजार रुपए, एडमिशन फीस 50 हजार रुपए और कॉशन मनी 50 हजार रुपए निर्धारित की गई है। वहीं बोर्डिंग छात्राओं के लिए वार्षिक फीस लगभग 5.41 लाख रुपए रखी गई है, जिसमें ट्यूशन फीस, बोर्डिंग और अन्य सुविधाएं शामिल हैं।


