Homeखटाखट स्टोरीपॉलिटिक्स : मोदी-भजनलाल की ढाई घण्टे की बैठक के बाद राजस्थान की...

पॉलिटिक्स : मोदी-भजनलाल की ढाई घण्टे की बैठक के बाद राजस्थान की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत

आपणी हथाई न्यूज, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बीच हुई करीब ढाई घंटे की अहम बैठक ने राजस्थान की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सत्ता और संगठन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात में केवल सरकार के कामकाज ही नहीं, बल्कि आगामी निकाय और पंचायत चुनावों की रणनीति पर भी गंभीर मंथन हुआ। इसके बाद प्रदेश में लंबे समय से अटकी राजनीतिक नियुक्तियों और संभावित मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा आने वाले चुनावों से पहले सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने की दिशा में बड़े फैसले ले सकती है। मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए विभिन्न वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने की संभावना जताई जा रही है, वहीं बोर्ड, निगम, आयोग और सरकारी संस्थानों में नियुक्तियों के माध्यम से संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। इससे न केवल संगठन को मजबूती मिलेगी बल्कि कार्यकर्ताओं में भी सकारात्मक संदेश जाएगा।

हालांकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व को लेकर किसी तरह के बदलाव की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है। भाजपा नेतृत्व पहले भी स्पष्ट कर चुका है कि राजस्थान में सरकार भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ही आगे बढ़ेगी। ऐसे में अब सबकी नजर भाजपा के अगले राजनीतिक कदम पर टिकी है। यदि जल्द राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर फैसला होता है, तो इसे आगामी चुनावों की रणनीतिक तैयारी के तौर पर देखा जाएगा।

 



ताजा खबर