

आपणी हथाई न्यूज, श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार को बीदासर रोड स्थित वन विभाग की भूमि पर महिला का शव मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महज 15 घंटे की लगातार कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी फूलचंद को करीब 650 किलोमीटर दूर से राउंडअप कर लिया।
मामले की जांच सीओ निकेत पारीक के सुपरविजन तथा थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई। टीम में एएसआई देवाराम, कांस्टेबल पुनीत कुमार और रविंद्र कुमार ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतका पिछले करीब चार वर्षों से आरोपी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि शराब के नशे में दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद घटना को अंजाम दिया गया। मामले में मृतका के नाबालिग पुत्र ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों और घटनाक्रम के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।


