

आपणी हथाई न्यूज,विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), प्रशासनिक कार्यालय बीकानेर द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने हेतु व्यापक वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर एसबीआई बीकानेर मंडल के उप महाप्रबंधक (डीजीएम) सौम्य रंजन साहू ने एसबीआई प्रशिक्षण केंद्र परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
इस अभियान के अंतर्गत बीकानेर मंडल की 256 शाखाओं द्वारा लगभग 350 पौधे लगाए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में योगदान देना रहा।
वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक सुजीत कुमार सुमन,अभिषेक माथुर, वैभव झा, सीएम (एचआर) प्रदीप वर्मा, लायज़न अधिकारी करण पाल सिंह भाटी सहित बैंक के अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में डीजीएम साहू ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि हमारी सतत जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण हेतु सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस प्रतिवर्ष 5 जून को मनाया जाता है और यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का एक वैश्विक अभियान है।


