Homeखटाखट स्टोरीBikaner : महिलाओं के लिए सुनहरा मौका ! आंगनबाड़ी भर्ती का नोटिफिकेशन...

Bikaner : महिलाओं के लिए सुनहरा मौका ! आंगनबाड़ी भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 8 जून से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और मानदेय सेवा के रिक्त पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उपनिदेशक कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग बीकानेर द्वारा जारी विज्ञप्ति संख्या 01/2026 के अनुसार जिले के विभिन्न परियोजना क्षेत्रों में कुल 84 रिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें 28 पद आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा 56 पद सहायिका के शामिल हैं।

विभाग द्वारा जारी सूचना के अनुसार बीकानेर शहर, कोलायत, बीकानेर ग्रामीण, श्रीडूंगरगढ़, बज्जू, पांचू, खाजूवाला, नोखा, लूणकरणसर और पूगल परियोजना क्षेत्रों में भर्ती की जाएगी। सर्वाधिक 14-14 पद बीकानेर शहर और बीकानेर ग्रामीण क्षेत्र में रिक्त बताए गए हैं। इच्छुक महिला अभ्यर्थी संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय में आवेदन जमा कर सकेंगी। आवेदन प्रक्रिया 8 जून 2026 से शुरू होकर 30 जून 2026 शाम 6 बजे तक चलेगी।

भर्ती के लिए केवल महिला अभ्यर्थी ही पात्र होंगी। ग्रामीण क्षेत्र के लिए अभ्यर्थी का संबंधित ग्राम पंचायत का निवासी होना आवश्यक है, जबकि शहरी क्षेत्र में संबंधित वार्ड की निवासी महिला ही आवेदन कर सकेगी। विधवा, परित्यक्ता, तलाकशुदा और विशेष योग्यजन महिलाओं को नियमानुसार प्राथमिकता दी जाएगी। सामान्य वर्ग की अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष तथा आरक्षित वर्ग के लिए 40 वर्ष निर्धारित की गई है।

आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अधूरे आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया विभागीय नियमों और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार पूरी की जाएगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग ने अभ्यर्थियों से आवेदन से पहले विभागीय वेबसाइट पर जारी विस्तृत दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ने की अपील की है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी संबंधित परियोजना कार्यालय अथवा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट से प्राप्त की जा सकती है।



ताजा खबर