Homeखटाखट स्टोरीFIFA World Cup 2026: फुटबॉल का महाकुंभ आज रात से शुरू, फीफा...

FIFA World Cup 2026: फुटबॉल का महाकुंभ आज रात से शुरू, फीफा वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार 48 टीमें, करोड़ों नहीं अरबों की होगी बरसात

आपणी हथाई न्यूज, दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन FIFA World Cup 2026 का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाला यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक बनने जा रहा है। पहली बार विश्व कप में 48 टीमें हिस्सा लेंगी, जबकि कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। तीन देशों के 16 शहरों में होने वाला यह आयोजन सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल, संस्कृति और मनोरंजन का वैश्विक उत्सव बनकर सामने आएगा।

1930 से शुरू हुए फीफा विश्व कप के इतिहास में पहली बार टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 की गई है। इससे एशिया, अफ्रीका और छोटे फुटबॉल देशों को भी दुनिया के सबसे बड़े मंच पर खुद को साबित करने का सुनहरा मौका मिलेगा। मैचों की संख्या भी 64 से बढ़ाकर 104 कर दी गई है, जिससे प्रशंसकों को पहले से कहीं ज्यादा रोमांच और मुकाबले देखने को मिलेंगे।

टूर्नामेंट की ओपनिंग सेरेमनी बेहद भव्य होने वाली है। उद्घाटन मुकाबले से पहले मैक्सिको सिटी में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दुनियाभर के मशहूर कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। पॉप स्टार Shakira इस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण रहेंगी। उनके साथ J Balvin, Burna Boy, डैनी ओशन, बेलिंडा, लिला डाउन्स और माना जैसे कलाकार भी मंच पर धमाल मचाएंगे। सभी कलाकार फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक एल्बम के गीत लाइव परफॉर्म करेंगे।

इस बार फीफा ने पुरस्कार राशि में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है। विजेता टीम को करीब 50 मिलियन डॉलर यानी हजारों करोड़ रुपये की राशि मिलेगी, जबकि उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के लिए भी भारी इनामी रकम तय की गई है। कुल प्रदर्शन आधारित प्राइज मनी 655 मिलियन डॉलर रखी गई है। खास बात यह है कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली हर टीम को क्वालिफिकेशन और तैयारी सहायता के तौर पर करोड़ों रुपये मिलेंगे। यानी अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम भी बड़ी रकम के साथ घर लौटेगी।

आर्थिक ताकत के मामले में फीफा विश्व कप एक बार फिर क्रिकेट से काफी आगे नजर आ रहा है। जहां 2023 क्रिकेट विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि लगभग 10 मिलियन डॉलर थी, वहीं फीफा विश्व कप 2026 में केवल विजेता टीम को ही 50 मिलियन डॉलर मिलने वाले हैं। इससे साफ है कि फुटबॉल का वैश्विक बाजार और दर्शक वर्ग कितना बड़ा हो चुका है।

विश्व कप का इतिहास भी बेहद खास रहा है। 96 वर्षों में खेले गए 22 संस्करणों में सिर्फ आठ देश ही ट्रॉफी जीत सके हैं। Brazil सबसे सफल टीम रही है, जिसने पांच बार खिताब जीता। इसके बाद Germany और Italy ने चार-चार बार ट्रॉफी अपने नाम की है, जबकि Argentina तीन बार विश्व चैंपियन बन चुका है।

इस बार दुनिया की नजरें डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना और स्टार फुटबॉलर Lionel Messi पर टिकी होंगी। माना जा रहा है कि यह मेसी के करियर का आखिरी विश्व कप हो सकता है। ऐसे में अगर अर्जेंटीना लगातार दूसरी बार खिताब जीतता है तो यह आधुनिक फुटबॉल इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाएगा।

भारत में भी फीफा विश्व कप 2026 को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। टूर्नामेंट के मुकाबलों का प्रसारण जी नेटवर्क के स्पोर्ट्स चैनलों पर किया जाएगा, जबकि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 के जरिए उपलब्ध रहेगी। खास बात यह है कि उद्घाटन मुकाबले, क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल जैसे बड़े मैच DD Sports पर मुफ्त में भी देखे जा सकेंगे।

 



ताजा खबर