Homeखटाखट स्टोरीBikaner : इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम में लगी भीषण आग में लाखों...

Bikaner : इलेक्ट्रॉनिक्स सामान के गोदाम में लगी भीषण आग में लाखों का माल स्वाहा, दमकल खराब ऑपरेटर गायब अग्मिश्मन यंत्र मिले खाली

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के खाजूवाला कस्बे में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब रिद्धि सिद्धि इलेक्ट्रॉनिक के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में गोदाम में रखा लाखों रुपये मूल्य का इलेक्ट्रॉनिक सामान उसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार गोदाम के निकट सफाई के दौरान कचरा जलाया जा रहा था। आशंका है कि उसी दौरान निकली चिंगारियों से गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखे कूलर, पंखे, एयर कंडीशनर (एसी) सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण धू-धू कर जलने लगे। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

घटना के दौरान नगर पालिका की दमकल सेवा समय पर नहीं पहुंच सकी। बताया जा रहा है कि दमकल वाहन तकनीकी खराबी और ऑपरेटर की अनुपलब्धता के कारण मौके के लिए रवाना नहीं हो पाया। इतना ही नहीं, आग बुझाने के लिए उपलब्ध अग्निशमन यंत्र भी खाली मिले, जिससे शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएसएफ के पानी के टैंकरों और स्थानीय निजी टैंकरों की मदद ली गई। घंटों की मशक्कत और लगातार पानी की बौछार के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो आसपास की दुकानों और मकानों तक भी नुकसान पहुंच सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक आकलन में लाखों रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। प्रशासन ने आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

 



ताजा खबर