HomeबीकानेरSports: बीकानेर के स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों के लिए शुरू होगा “खेल से शिखर...

Sports: बीकानेर के स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों के लिए शुरू होगा “खेल से शिखर तक” अभियान

आपणी हथाई Sports न्यूज,बीकानेर के स्कूल एवं कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को खेलों से जोड़ने, खेलों में उपलब्ध शिक्षा, करियर, रोजगार एवं प्रतियोगी अवसरों की जानकारी देने तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा एक वर्षीय सामाजिक अभियान “खेल से शिखर तक” शुरू किया जा रहा है।

इस अभियान का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य है कि स्कूल और कॉलेज का कोई भी विद्यार्थी खेल को केवल मनोरंजन के रूप में न देखे, बल्कि यह समझे कि खेल उसके भविष्य और करियर का मजबूत माध्यम बन सकता है।

हर विद्यार्थी को मिलेगा “खेल से करियर” का रोडमैप

अभियान के तहत बीकानेर के अधिक से अधिक सरकारी एवं निजी स्कूलों तथा कॉलेजों में Sports Career Awareness Seminars आयोजित किए जाएंगे।विद्यार्थियों को विशेष रूप से बताया जाएगा—

– अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार सही खेल का चुनाव कैसे करें?
– खिलाड़ी बनने का रोडमैप क्या है?
– जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक कैसे पहुंचें?
– Sports Quota के माध्यम से शिक्षा एवं रोजगार के क्या अवसर हैं?
– खेल छात्रवृत्तियां और खेल आधारित शिक्षा के अवसर क्या हैं?
– खेल के साथ Coaching, Fitness, Physiotherapy, Nutrition, Sports Psychology, Sports Management एवं अन्य क्षेत्रों में करियर कैसे बनाया जा सकता है?
– पढ़ाई और खेल के बीच बेहतर संतुलन कैसे बनाया जाए?
– खेल प्रतिभा की पहचान और विकास कैसे किया जाए?

स्कूल से शुरू होगा सपनों का सफर

अभियान के माध्यम से प्रयास किया जाएगा कि विद्यार्थी कम उम्र में ही अपनी खेल प्रतिभा और रुचि को पहचान सकें।

कार्यक्रमों में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल विशेषज्ञ विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। सफल खिलाड़ियों की वास्तविक कहानियों के माध्यम से बच्चों में यह विश्वास पैदा करने का प्रयास किया जाएगा कि“अगर वह कर सकता है, तो मैं भी कर सकता हूं।”

हर कार्यक्रम में विद्यार्थियों को अपने भविष्य को लेकर लक्ष्य निर्धारित करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा— “मेरा खेल – मेरा लक्ष्य – मेरा भविष्य”।

कॉलेज विद्यार्थियों के लिए Sports Career Connect

कॉलेज विद्यार्थियों के लिए अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्हें यह जानकारी दी जाएगी कि Sports Industry में केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि Sports Management, Coaching, Sports Science, Fitness, Physiotherapy, Nutrition, Sports Psychology, Sports Journalism, Event Management, Sports Marketing एवं Sports Entrepreneurship जैसे अनेक क्षेत्रों में करियर और रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं।

80 वार्डों तक पहुंचेगा विद्यार्थियों का यह अभियान

स्कूल और कॉलेजों के साथ-साथ अभियान को बीकानेर शहर के 80 वार्डों और सामुदायिक केंद्रों तक ले जाया जाएगा, ताकि ऐसे विद्यार्थी और युवा भी इससे जुड़ सकें जिन्हें अभी तक खेल और करियर के इन अवसरों की जानकारी नहीं मिल पाई है।

आमजन के सहयोग से चलेगा अभियान

“खेल से शिखर तक” किसी एक संस्था का कार्यक्रम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य के लिए एक सामाजिक प्रयास है।

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा संचालित इस अभियान को आमजन की सहभागिता और सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता के अनुसार इस अभियान से जुड़कर विद्यार्थियों तक सही जानकारी, मार्गदर्शन और अवसर पहुंचाने में योगदान दे सकता है।

अभियान का प्रयास रहेगा कि बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों को जोड़कर स्कूलों, कॉलेजों और समुदायों तक पहुंच बनाई जाए और इसे “युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए” एक सकारात्मक सामाजिक आंदोलन बनाया जाए।

एक वर्ष में हजारों विद्यार्थियों तक पहुंचने का लक्ष्य

अभियान के एक वर्ष के दौरान 1000 से अधिक स्कूलों, कॉलेजों एवं शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच बनाने, 80 से अधिक वार्डों में कार्यक्रम आयोजित करने, 1000 से अधिक स्वयंसेवकों को जोड़ने तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और युवाओं तक प्रत्यक्ष एवं डिजिटल माध्यम से पहुंच बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

किसी विद्यार्थी की प्रतिभा अवसर के अभाव में न रुके

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन का सपना है कि बीकानेर का कोई भी विद्यार्थी केवल सही जानकारी और मार्गदर्शन के अभाव में अपने खेल के सपने से पीछे न हटे।

जिस विद्यार्थी में प्रतिभा है, उसे पहचान मिले।
जिस विद्यार्थी में सपना है, उसे दिशा मिले।
जो खेलना चाहता है, उसे अवसर मिले।
और जो शिखर तक पहुंचना चाहता है, उसे सही मार्गदर्शन मिले।

खेल में भविष्य भी है और शिखर भी।”

नंदलाल जोशी चैरिटेबल फाउंडेशन कि डायरेक्टर पूजा आचार्य ने बीकानेर के स्कूल-कॉलेज विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों, युवाओं एवं आमजन से इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया है।



ताजा खबर