आपणी हथाई Politics न्यूज, प्रदेश में प्रस्तावित निकाय चुनाव को लेकर बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों की वार्डवार लॉटरी प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। लॉटरी के बाद अब संभावित दावेदारों ने अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। खास तौर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दावेदारों की बाढ़ सी नजर आने लगी है।वार्डों के आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होते ही विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतदाताओं के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज करवानी शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर संभावित प्रत्याशियों की ओर से शुभकामना संदेश, जनसंपर्क की तस्वीरें, विकास कार्यों से जुड़े पोस्ट और अपने सामाजिक सरोकारों को प्रदर्शित करने वाली पोस्ट लगातार सामने आ रही हैं।
लॉटरी प्रक्रिया से पहले जहां कई दावेदार अपने वार्ड की स्थिति को लेकर असमंजस में थे, वहीं अब आरक्षण की तस्वीर सामने आने के बाद राजनीतिक समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। जिन वार्डों में सामान्य सीटें आई हैं, वहां दावेदारों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जबकि आरक्षित वार्डों में भी संबंधित वर्ग से नए चेहरे चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए हैं।
सोशल मीडिया बना प्रचार का प्रमुख माध्यम
निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच सोशल मीडिया संभावित प्रत्याशियों के लिए प्रचार और जनसंपर्क का अहम माध्यम बन गया है।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सऐप पर दावेदार अपने समर्थकों के साथ फोटो, वीडियो और संदेश साझा कर अपनी दावेदारी को मजबूत करने में जुटे हैं। कई संभावित प्रत्याशियों ने अभी आधिकारिक तौर पर चुनाव लड़ने की घोषणा नहीं की है, लेकिन उनकी सोशल मीडिया गतिविधियां चुनावी तैयारी के संकेत दे रही हैं।
आपको बता दें नगर निगम में कुल 80 वार्डों में अनुसूचित जाति के पुरूष के लिये 6 व अनुसूचित महिला के लिये 3 आरक्षित वार्ड है,इसी तरह ओबीसी पुरूष के लिये 11 वार्ड आरक्षित है, जबकि ओबीसी महिलाओं के लिये 5 वार्ड रिजर्व रहेंगे।सामान्य वर्ग पुरूष के लिए 37 वार्ड तो वही सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए कुल 18 वार्ड आरक्षित किए गए हैं।


