Homeखटाखट स्टोरीBollywood : बॉक्स ऑफिस पर यश का ‘टॉक्सिक’ धमाका, 4 दिन में...

Bollywood : बॉक्स ऑफिस पर यश का ‘टॉक्सिक’ धमाका, 4 दिन में कर डाली इतनी कमाई, ‘धुरंधर’ को भी छोड़ा पीछे

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, साउथ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक’ रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई कर रही है। फिल्म ने महज चार दिनों में 190 करोड़ रुपये से ज्यादा का नेट कलेक्शन कर लिया है। शुरुआती दिन में 101 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार ओपनिंग करने वाली इस फिल्म ने चौथे दिन भी मजबूत पकड़ बनाए रखी।

बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ ने चौथे दिन करीब 24.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इस दिन फिल्म को देशभर में 17,612 शो मिले और इसकी ऑक्यूपेंसी करीब 24.3 प्रतिशत रही। हिंदी संस्करण ने लगभग 15.50 करोड़ रुपये कमाए, जबकि कन्नड़ संस्करण का कारोबार 6.60 करोड़ रुपये रहा। तेलुगू संस्करण ने 1.50 करोड़, तमिल संस्करण ने 75 लाख और मलयालम संस्करण ने करीब 15 लाख रुपये का कलेक्शन किया।

चार दिनों में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं फिल्म ने करीब 227.50 करोड़ रुपये का ग्रॉस कारोबार किया है। विदेशों में भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 254.75 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।

चौथे दिन ‘धुरंधर’ से आगे निकली ‘टॉक्सिक’

यश की फिल्म ने चौथे दिन कमाई के मामले में ए-रेटेड फिल्म ‘धुरंधर’ को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘धुरंधर’ ने रिलीज के चौथे दिन करीब 23.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि ‘टॉक्सिक’ ने इस दिन 24.50 करोड़ रुपये की कमाई की।

फिल्म की अब तक की कमाई पर नजर डालें तो ‘टॉक्सिक’ ने पहले दिन 101.10 करोड़ रुपये की धमाकेदार ओपनिंग की। दूसरे दिन फिल्म ने 37.65 करोड़ और तीसरे दिन 27.20 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथे दिन 24.50 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का चार दिन का नेट कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये हो गया है।

यश के साथ नजर आए बड़े सितारे

‘टॉक्सिक’ का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है और फिल्म में यश मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में यश डबल रोल में दिखाई दे रहे हैं। उनके साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, रुक्मिणी वसंत, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। यश और कियारा की जोड़ी तथा दोनों के बीच फिल्माए गए बोल्ड सीन्स भी रिलीज से पहले से ही चर्चा में रहे हैं।

हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर मजबूत प्रदर्शन के बावजूद फिल्म को समीक्षकों की ओर से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। कुछ दर्शकों ने फिल्म की कहानी और इसकी प्रस्तुति को लेकर निराशा जताई है, जबकि यश के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह बना हुआ है।

लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुई फिल्म

यश के प्रशंसक लंबे समय से ‘टॉक्सिक’ का इंतजार कर रहे थे। फिल्म को पहले मार्च में रिलीज किया जाना था, लेकिन उस दौरान मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव के चलते इसकी रिलीज टाल दी गई थी। मार्च में रिलीज होने पर फिल्म का मुकाबला ‘धुरंधर 2’ से होने की संभावना थी। बाद में निर्माताओं ने फिल्म की रिलीज को आगे बढ़ाते हुए इसे अगस्त में सिनेमाघरों में उतारा। ट्रेलर को जहां दर्शकों की ओर से मिश्रित प्रतिक्रिया मिली थी, वहीं रिलीज के बाद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी कमाई से जोरदार शुरुआत कर दी है।



ताजा खबर