

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिले के तोलियासर स्थित प्रसिद्ध भैरवजी मंदिर में दर्शन करने पहुंची एक महिला के गले से सोने की चेन चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी हुई चेन में पेंडल भी लगा हुआ था और चेन व पेंडल का कुल वजन करीब 25 ग्राम बताया जा रहा है। घटना के संबंध में ओडिशा निवासी राजेश कुमार भंसाली ने श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट के अनुसार राजेश कुमार भंसाली अपनी मां गिन्नी देवी भंसाली सहित परिवार के साथ तोलियासर भैरवजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। दोपहर करीब 12 बजे मंदिर में दर्शन के दौरान उनकी मां के गले में पहनी सोने की चेन अचानक गायब हो गई। चेन के साथ पेंडल भी था, जिसकी कुल कीमत और वजन को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

घटना के बाद परिजनों ने मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। रिपोर्ट में बताया गया है कि फुटेज में एक महिला कथित तौर पर गले से चेन निकालते हुए दिखाई दी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और चोरी हुई चेन बरामद करवाने की मांग की।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी आवड़दान को सौंपी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और चोरी की गई चेन की बरामदगी के प्रयास कर रही है।



