

Bikaner Fraud आपणी हथाई न्यूज, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कितना महंगा पड़ सकता है, इसका एक और मामला सामने आया है। दंतौर थाना क्षेत्र में फेसबुक पर विदेशी महिला के नाम से बनाई गई आईडी के जरिए एक व्यक्ति को महंगे सामान का पार्सल भेजने का झांसा देकर 1 लाख 40 हजार 500 रुपये की कथित ठगी कर ली गई। मामले में पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, पार्वती तलाई, तहसील पूगल निवासी ईश्वरदान पुत्र भगवानदान ने बताया कि करीब 15 दिन पहले फेसबुक पर Emily Johnson नाम की आईडी से उसके पास मैसेज आया था। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। परिवादी के मुताबिक, 22 अक्टूबर 2026 को उक्त आईडी से उसे मैसेज कर बताया गया कि विदेश से उसके लिए जींस, टी-शर्ट, जूते, परफ्यूम, जैकेट, रोलेक्स घड़ी, सोने की चेन और आईफोन 14 प्रो मैक्स सहित कई महंगे सामान का पार्सल भेजा गया है।

इसके बाद पार्सल दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने की बात कहकर कस्टम और अन्य शुल्क जमा करवाने के नाम पर अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन आने लगे। परिवादी को विश्वास में लेकर पहले 24 अक्टूबर को पार्सल किराये के नाम पर 25 हजार 500 रुपये जमा करवाए गए। इसके बाद अलग-अलग शुल्क बताकर 98 हजार रुपये की मांग की गई। इस दौरान परिवादी ने 5 हजार, 93 हजार, 7 हजार और 10 हजार रुपये की अलग-अलग किश्तों में राशि जमा करवाई।
इस तरह परिवादी ने बताए गए बैंक खाते में कुल 1 लाख 40 हजार 500 रुपये जमा करवा दिए। लेकिन जब उसने पार्सल भेजने के लिए कहा तो कथित आरोपियों ने सामान नहीं भेजा और अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। इसके बाद परिवादी को अपने साथ धोखाधड़ी होने का पता चला। पीड़ित ने दंतौर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच पुलिस अधिकारी सुनील कुमार को सौंपी गई है।



