Homeखटाखट स्टोरीBikaner : अब MGSU में सख्ती ! 75% से कम हाजरी वाले...

Bikaner : अब MGSU में सख्ती ! 75% से कम हाजरी वाले नही बैठ सकेंगें परीक्षा में, पेरेंट्स को भी दी जाएगी सूचना, कुलगुरु ने किया औचक निरीक्षण

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय (MGSU) प्रशासन ने परिसर में शैक्षणिक माहौल को सुधारने और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कड़ा रुख अपना लिया है। अब विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए कक्षाओं में न्यूनतम 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। तय मानक से कम उपस्थिति होने पर छात्रों को आगामी परीक्षाओं में बैठने से वंचित कर दिया जाएगा।

इन विभागों में कुलगुरु ने मारा छापा, कम हाजिरी पर जताई नाराजगी
गुरुवार को विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने परिसर का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि, भूगोल, सूक्ष्मजीव विज्ञान, योग, राजस्थानी, ड्राइंग एंड पेंटिंग, एमबीए और वाणिज्य एवं प्रबंधन विभागों की कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों की उपस्थिति की वास्तविक स्थिति जांची। कक्षाओं में छात्रों की कम संख्या देखकर कुलगुरु ने गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित विभागाध्यक्षों व प्रभारियों को व्यवस्था सुधारने के कड़े निर्देश दिए।

परिजनों को जाएगी सूचना, कट सकता है कक्षा से नाम
निरीक्षण के दौरान प्रो. बिश्नोई ने स्पष्ट किया कि बिना किसी ठोस कारण के लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों की सूचना सीधे उनके अभिभावकों को दी जाए और उन्हें नियमित कक्षाएं लेने के लिए पाबंद किया जाए। यदि इसके बाद भी विद्यार्थियों के रवैये में सुधार नहीं होता है, तो नियमानुसार उनका नाम कक्षा से पृथक (काट) कर दिया जाएगा और उन्हें परीक्षा से रोक दिया जाएगा।

शिक्षकों को भी मिली निगरानी की जिम्मेदारी
कुलगुरु ने विभागों में कार्यरत सभी नियमित और अतिथि शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों को कक्षाओं में आने के लिए प्रेरित करें और दैनिक उपस्थिति की सख्ती से निगरानी रखें। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. उमेश शर्मा ने जानकारी दी कि कुलगुरु ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति की शर्त पूरी करने की पूरी जिम्मेदारी स्वयं विद्यार्थी की होगी, इसमें किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी। आने वाले दिनों में भी कुलगुरु का यह औचक निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।



ताजा खबर