

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, रबी की बुवाई के चरम दौर के बीच बीकानेर के ग्रामीण अंचलों में अन्नदाताओं के साथ बड़ा खिलवाड़ सामने आया है। एक तरफ जहां कृषि विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जसरासर में गुजरात से लाए गए नकली डीएपी (DAP) खाद के 470 कट्टों से लदा एक ट्रक जब्त किया है, वहीं दूसरी तरफ नजदीकी गांव सांवतसर में भी बड़े पैमाने पर संदिग्ध खाद खपाए जाने का चौंकाने वाला मामला उजागर हुआ है।

बिना पीओएस मशीन और गुणवत्ता जांच के ही थमा दी खाद
सांवतसर गांव में खाद बिक्री के तमाम सरकारी नियमों को ताक पर रखकर किसानों को बिना पीओएस (PoS) मशीन के अंगूठा लगवाए ही संदिग्ध डीएपी बेच दी गई। हैरानी की बात यह है कि इस खाद की गुणवत्ता की कोई जांच तक नहीं हुई थी। अब ठगी का अहसास होने पर परेशान किसान न्याय और कार्रवाई की उम्मीद में कृषि विभाग के दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

रतनगढ़ का फर्जी बिल और बिना लाइसेंस वाली फर्म का खुलासा
कृषि विभाग के सहायक निदेशक सुरेंद्र मारू ने कार्रवाई का खुलासा करते हुए बताया कि जब्त किए गए ट्रक के चालक के पास से खाद को रतनगढ़ से बीकानेर लाने का बिल बरामद हुआ है, जो जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। विभाग ने रतनगढ़ की संबंधित फर्म से संपर्क कर इसकी पुष्टि कर ली है। इसके अलावा, यह खेप बीकानेर में ‘दीपक सीड्स’ नामक किसी फर्म को सप्लाई की जानी थी, जबकि कृषि विभाग के रिकॉर्ड में इस नाम से कोई लाइसेंस ही जारी नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सीधे ट्रक से खाद की बिक्री करना पूरी तरह गैर-कानूनी है और इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।



