

आपणी हथाई Bikaner न्यूज,आज के दौर में जहाँ हर तरफ स्वार्थ की बातें सुनने को मिलती हैं, वहीं मुक्ताप्रसाद नगर निवासी ऑटो चालक विकास मोदी ने अपनी ईमानदारी से समाज के सामने एक शानदार मिसाल पेश की है। उन्होंने शादी के कीमती सामान (मायरे के कपड़ों) से भरा सूटकेस उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटाकर इंसानियत पर लोगों का भरोसा और मजबूत कर दिया है। मूल रूप से गोपेश्वर बस्ती के निवासी और वर्तमान में व्यवसाय के सिलसिले में लुधियाना में बसे एक व्यक्ति अपने भांजे और भांजी की शादी में शामिल होने के लिए अपने पैतृक घर आए हुए हैं। आज दोपहर करीब पौने तीन बजे वे अपने परिवार के सदस्यों और शादी के कुछ जरूरी सामान के साथ मुक्ताप्रसाद नगर स्थित अपनी बहन के घर से गोपेश्वर बस्ती जाने के लिए ऑटो में बैठे। श्री गोपेश्वर विद्यापीठ के पास पहुँचने पर परिवार के सभी सदस्य ऑटो से उतर गए, लेकिन जल्दबाजी में शादी के मायरे के कपड़ों और अन्य कीमती सामान से भरा एक सूटकेस ऑटो में ही छूट गया।

ऑटो चालक विकास मोदी को तुरंत दूसरी सवारियां मिल गईं और वे आगे निकल गए। जब विकास ने दूसरी सवारियों को उनके गंतव्य पर उतारा, तो उनकी नजर पीछे रखे सूटकेस पर पड़ी। उन्होंने उन सवारियों से सूटकेस के बारे में पूछा, लेकिन उनके मना करने पर विकास को तुरंत याद आया कि यह पिछली सवारी का सामान है। बिना एक पल गंवाए और किसी लालच में आए बिना, विकास तुरंत वापस गोपेश्वर बस्ती की ओर लौट पड़े।

दूसरी तरफ, सूटकेस गुम होने से परेशान परिवार के सदस्य श्री गोपेश्वर विद्यापीठ के कार्यालय में बैठकर ऑटो का नंबर पता करने के लिए सीसीटीवी कैमरे चेक कर रहे थे। ठीक उसी समय विकास मोदी अपना ऑटो लेकर वहाँ पहुँचे। ऑटो रुकते ही उन्हें सूटकेस के असली हकदार सामने ही मिल गए। विकास ने बिना किसी देरी के सूटकेस उन्हें सौंप दिया और अपनी जिम्मेदारी पूरी कर राहत की सांस ली। कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और सभी ने ऑटो चालक विकास मोदी की इस नेकी और ईमानदारी की दिल खोलकर सराहना की। यह घटना साबित करती है कि समाज में आज भी ईमानदारी जिंदा है और विकास मोदी जैसे लोग हमारी असली ताकत हैं।



