

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, शहर के गंगाशहर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अहमदाबाद में काम करने वाला कुंदन-जड़ाऊ आभूषणों का एक कारीगर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। लाखों रुपये के लेनदेन से जुड़े इस विवाद में लापता कारीगर की पत्नी ने पांच लोगों पर अपने पति के साथ मारपीट करने, अपहरण कर बंधक बनाने और धोखाधड़ी करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद गंगाशहर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।

काम का झांसा देकर बुलाया और ब्याज के जाल में फंसाया
गंगाशहर निवासी पिंकी सोनी ने कोर्ट के इस्तगासे के जरिए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादिया के मुताबिक, उनके पति मुकेश सोनी कुंदन-जड़ाऊ गहने बनाने के माहिर कारीगर हैं। साल 2023 में बीकानेर में काम की मंदी के चलते अहमदाबाद निवासी रूपेश सोनी ने उन्हें काम का झांसा देकर अहमदाबाद बुलाया था। आरोप है कि वहां काम शुरू करवाने के बाद रूपेश ने मुकेश को सोना (कुंदन) उपलब्ध कराने के बजाय ब्याज पर सोना लेने के लिए मजबूर किया। इसी दौरान नरेन्द्र सोनी व अन्य लोगों के साथ उनका आर्थिक लेनदेन शुरू हो गया।

15 अक्टूबर से फोन बंद, बंधक बनाए जाने की आशंका
रिपोर्ट के अनुसार, समय के साथ हिसाब-किताब को लेकर विवाद गहराता गया और आरोपियों ने मुकेश को जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पत्नी का आरोप है कि अक्टूबर 2026 में पैसों के विवाद के चलते आरोपियों ने मुकेश के साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद 15 अक्टूबर से मुकेश का कोई सुराग नहीं है और उनका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ आ रहा है। पिंकी सोनी ने आशंका जताई है कि पैसों की वसूली के लिए आरोपियों ने उनके पति का अपहरण कर उन्हें कहीं बंधक बना रखा है।
कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने पहले गंगाशहर थाने और पुलिस अधीक्षक (एसपी) को इस संबंध में गुहार लगाई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। अब कोर्ट के आदेश पर गंगाशहर पुलिस ने रूपेश सोनी, सुदर्शन, हेमराज, नरेन्द्र सोनी और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी व आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच एसआई हेतराम को सौंपी गई है, जो लापता कारीगर की मोबाइल लोकेशन ट्रेस करने के साथ-साथ पूरे प्रकरण की बारीकी से जांच कर रहे हैं।



