Homeखटाखट स्टोरीBollywood : अब अभिनेता सैफ अली खान को मिली जान से मारने...

Bollywood : अब अभिनेता सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के वांछित आरोपी का नाम आया सामने

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, मायानगरी में फिल्मी सितारों को डराने और रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो यह धमकी बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित चल रहे आरोपी जीशान अख्तर की ओर से दी गई है। हालांकि, मुंबई पुलिस अभी हर पहलू से मामले की तफ्तीश कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि यह धमकी वाकई जीशान ने दी है या फिर कोई शातिर अपराधी उसके नाम की आड़ लेकर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा है। पुलिस ने फिलहाल जीशान की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

आयुष्मान और तुषार कपूर को धमकी देने वाला IIT ग्रेजुएट गिरफ्तार
सैफ अली खान से जुड़ा यह प्रकरण अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को मिली धमकियों के ठीक बाद सामने आया है। आयुष्मान को हाल ही में एक ऑडियो मैसेज भेजकर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा बताने वाले शख्स ने करोड़ों रुपये की मांग की थी। इसी तरह तुषार कपूर से भी इसी गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी, जिसमें पुलिस को ‘हैरी बॉक्सर’ बनकर कॉल किए जाने का संदेह था। इन मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से 30 वर्षीय IIT ग्रेजुएट वैभव मिश्रा को धर दबोचा है, जिसे पूछताछ के लिए मुंबई लाया गया है।

AI तकनीक से निकाली नकली आवाज, इंटरनेट से जुटाए नंबर
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई ताल्लुक नहीं है। उसने इंटरनेट पर सर्च करके नामी कलाकारों के फोन नंबर हासिल किए और फिर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से नकली आवाज तैयार कर उन्हें धमकी भरे संदेश भेजे ताकि मोटी रकम वसूली जा सके।

कई दिग्गज सितारे पहले भी आ चुके हैं निशाने पर
गौरतलब है कि बीते कुछ वर्षों में बी-टाउन की कई बड़ी हस्तियां इस तरह की धमकियों का शिकार हो चुकी हैं। सुपरस्टार सलमान खान को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से कई बार जान से मारने की धमकियां मिल चुकी हैं, वहीं शाहरुख खान से भी 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। इसके अलावा, साल 2024 में बांद्रा पुलिस स्टेशन में फोन कर एक स्टार को धमकी दी गई थी। खबरों के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ, कपिल शर्मा, रणवीर सिंह, विक्रांत मैसी और आयुष शर्मा जैसे कलाकारों को भी ईमेल या संदेशों के जरिए निशाना बनाया जा चुका है।



ताजा खबर