
आपणी हथाई न्यूज, आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र किलचू के मीटिंग सभागार में सेक्टर किलचू, केसर देशर, जाटान एवं गाढ़वाला पीएचसी की क्लस्टर सेक्टर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।बैठक में खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बीकानेर डॉ. सुनील जैन एवं खंड कार्यक्रम अधिकारी श्री ऋषि कल्ला उपस्थित रहे। बैठक में संबंधित चिकित्साधिकारी प्रभारी, नर्सिंग अधिकारी, एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों ने भाग लिया।बैठक की अध्यक्षता करते हुए खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील जैन ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को मुख्यालय पर ठहराव सुनिश्चित करते हुए आमजन को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी RCH गतिविधियों की क्लस्टर स्तर पर गहन समीक्षा एवं माइक्रो मॉनिटरिंग करने के निर्देश प्रदान किए गए।
डॉ. जैन ने एएनएम, आशा सहयोगिनी, नर्सिंग ऑफिसर एवं सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि फील्ड स्तर पर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। जिन स्वास्थ्य संस्थानों की RCH गतिविधियों में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति अल्प अथवा निम्न पाई गई, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा संबंधित चिकित्साधिकारी प्रभारी को निर्देश दिए गए कि वे पाँच दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत टीमें गठित कर आशा सहयोगिनी एवं एएनएम के माध्यम से सभी RCH गतिविधियों को फील्ड स्तर पर शत-प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में खंड कार्यक्रम अधिकारी श्री ऋषि कल्ला ने समीक्षा के दौरान अवगत कराया कि जिन संस्थानों में RCH गतिविधियों की प्रगति अपेक्षानुसार नहीं है, वहां सघन माइक्रो मॉनिटरिंग की आवश्यकता है। विशेष रूप से रिड़मलसर पुरोहितान, रिड़मलसर सिपाहियांन एवं किलचू सेक्टर की एएनएम द्वारा गत वर्ष की तुलना में उपलब्धियां कम अर्जित की गई हैं, जिनको नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में मलेरिया एवं मौसमी बीमारियों से संबंधित सभी रिपोर्टों को आईएचआईपी पोर्टल पर एस, पी एवं एल फॉर्म के माध्यम से शत-प्रतिशत ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में चिन्हित मिसिंग डिलीवरीज़ को शीघ्र चिन्हित कर पूर्ण करने के निर्देश प्रदान किए गए।बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन स्वास्थ्य संस्थानों द्वारा अब तक योग्य दंपत्ति सर्वे पूर्ण नहीं किया गया है, वे आगामी तीन दिवसों में सर्वे को शत-प्रतिशत पूर्ण करें।
NCD कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए आशा सहयोगिनियों को शत-प्रतिशत CBAC फॉर्म भरवाकर स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी एवं चिकित्साधिकारी प्रभारी को स्क्रीनिंग किए गए मरीजों के उपचार एवं फॉलो-अप शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा मुख, स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की स्क्रीनिंग अनिवार्य रूप से कराने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन प्राथमिक एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव कम या नहीं हो रहे हैं, वहां अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव सुनिश्चित किए जाएं। इसी क्रम में प्रभारी अधिकारी, किलचू को निर्देश दिए गए कि संस्थान पर कार्यरत मेल नर्स को तत्काल प्रभाव से लेबर रूम कार्य से हटाकर अन्य दायित्व सौंपे जाएं तथा किसी फीमेल नर्स को लेबर रूम का प्रभार दिया जाए।बैठक के अंत में PCV वैक्सीन अभियान की प्रगति की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।


