
Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, देशभर में प्रसिद्ध करणी माता मंदिर में दर्शन करने पहुंची एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना सामने आई है। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाश महिला के गले से करीब 25 ग्राम वजनी सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार टोंक जिले के काकर निवासी निशा पत्नी रमेशचंद जैन अपने रिश्तेदारों के साथ देशनोक स्थित करणी माता मंदिर में दर्शन करने पहुंची थीं। मंदिर में दर्शन के दौरान काफी भीड़ थी। इसी बीच अज्ञात बदमाश ने भीड़ का फायदा उठाते हुए महिला के गले से सोने की चेन तोड़ ली और मौके से निकल गया।

दर्शन के बाद महिला को चेन गायब होने का पता चला। उन्होंने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चेन या आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पीड़िता ने देशनोक थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश की जा रही है।



