
बीकानेर संभाग आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर रेंज की हनुमानगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर इरफान खान उर्फ फान की करीब एक करोड़ रुपये की रिहायशी संपत्ति फ्रीज कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई सीओ सिटी मीनाक्षी के नेतृत्व में टाउन पुलिस टीम ने की। इस दौरान टाउन थानाधिकारी लखवीर सिंह और लखूवाली चौकी प्रभारी एएसआई किशोर सिंह मान सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की आर्थिक गतिविधियों पर प्रहार कर उनकी अवैध कमाई के स्रोतों को कमजोर करना है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इरफान खान उर्फ फान के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर धाराओं में करीब 40 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे हार्डकोर हिस्ट्रीशीटर के रूप में सूचीबद्ध कर रखा है।
हनुमानगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी। अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत उन्हें फ्रीज और जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों की अवैध कमाई पर चोट करने के साथ-साथ नशे से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों की कमर तोड़ना है।



