Homeखटाखट स्टोरीBikaner : रानी बाजार से हटेगा नोखा-नागौर बसों का दबाव, जैन कॉलेज...

Bikaner : रानी बाजार से हटेगा नोखा-नागौर बसों का दबाव, जैन कॉलेज चौराहे से नया रूट प्रस्तावित

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, रानी बाजार और गोगागेट क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात दबाव को कम करने के लिए यातायात पुलिस ने नोखा-नागौर मार्ग की बसों के लिए नया वैकल्पिक रास्ता प्रस्तावित किया है। प्रस्ताव लागू होने के बाद नोखा-नागौर जाने वाली बसों को रानी बाजार के बजाय जैन कॉलेज चौराहा होकर निकाला जाएगा। इससे रानी बाजार, गोगागेट और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है।

यह रहेगा प्रस्तावित नया मार्ग

नोखा-नागौर की ओर जाने वाली बसें रानी बाजार ओवरब्रिज से पांच नंबर रोड, वहां से रानी बाजार सिने मैजिक होते हुए जैन कॉलेज चौराहा, फिर नोखा रोड की ओर जाएंगी। इसी मार्ग से नोखा-नागौर की ओर आने वाली बसों के संचालन का भी प्रस्ताव है।

भारी वाहनों के लिए अलग रास्ता

प्रस्ताव के अनुसार मध्यम एवं भारी चार पहिया वाहनों को रानी बाजार ओवरब्रिज से मिलने वाले स्वीट मोड़, अपेक्स अस्पताल, रानी बाजार चौराहा और गोगागेट सर्किल होते हुए गंगाशहर रोड की ओर निकाला जाएगा। इससे भारी वाहनों का दबाव रानी बाजार क्षेत्र से कम करने का प्रयास होगा।

हल्के वाहनों के लिए अलग व्यवस्था

हल्के चार पहिया वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित करने का प्रस्ताव है। यातायात शाखा का मानना है कि भारी और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग रास्ते तय होने से यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा और जाम की समस्या में कमी आएगी।

जाम से मिलेगी राहत

यातायात शाखा के अनुसार रानी बाजार, गोगागेट और गंगाशहर रोड पर वाहनों का दबाव कम करना इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य है। वर्तमान में नोखा-नागौर जाने वाली बसों के कारण इन क्षेत्रों में कई बार यातायात प्रभावित होता है। नया मार्ग लागू होने पर रानी बाजार में बार-बार बनने वाले जाम से आमजन और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आमजन से मांगी आपत्तियां

प्रस्तावित यातायात व्यवस्था को लेकर आमजन से भी सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। किसी व्यक्ति को प्रस्तावित मार्ग या व्यवस्था पर आपत्ति है तो वह 23 अगस्त 2026 तक यातायात शाखा, बीकानेर में लिखित रूप से अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर विचार करने के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।



ताजा खबर