
Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, शहर के नयाशहर थाना क्षेत्र में युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन कुरेशी उर्फ अरमान पुत्र वसीम मोहम्मद कुरेशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी दाऊजी मंदिर के पीछे, कुरेशियान मस्जिद के पास, बीकानेर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, युवक पर हुए हमले के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी कमल किशोर माली ने 24 सितंबर 2026 को दिए गए पर्चा बयान में बताया कि 23 सितंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच वह दुर्गा आभूषण की दुकान के सामने से जा रहा था। इसी दौरान 4-5 मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए 10-12 लोगों ने कथित तौर पर लाठियों और सरियों से मारपीट की तथा चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में कमल माली घायल हो गया। मामले में पुलिस थाना नयाशहर में मुकदमा संख्या 202/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 126(2) और 189(2) के तहत जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहन कुरेशी उर्फ अरमान को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर शालू चौधरी, वृत्ताधिकारी शहर अनुज डाल और नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने भूमिका निभाई। गठित टीम में पुलिस निरीक्षक सुरजीत कुमार, कांस्टेबल मंजीत कोर, कांस्टेबल कमल कुमार, कांस्टेबल श्रीराम, कांस्टेबल राजाराम कानि और कांस्टेबल प्रहलाद राम शामिल रहे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका के संबंध में भी अनुसंधान जारी है।


