

आपणी हथाई बीकानेर न्यूज,इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर (ECB) में पिछले 15 से 25 वर्षों से श्रम आपूर्तिकर्ता के माध्यम से कार्यरत अशैक्षणिक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कॉलेज प्राचार्य डॉ. संजीव जैन का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों का मुख्य मुद्दा लंबे समय से बकाया भविष्य निधि (PF) की राशि का भुगतान और अन्य लंबित प्रशासनिक मांगें हैं।

घेराव के दौरान भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरीशंकर व्यास, जिला मंत्री नवीन स्वामी और जिला संगठन मंत्री ओमप्रकाश रामावत सहित संघ के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। ईसीबी इकाई के अध्यक्ष संतोष पुरोहित और महासचिव दिनेश पारीक ने बताया कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
प्रदर्शन के दौरान यह बात भी सामने आई कि वित्त नियंत्रक और कुलपति की अनुपस्थिति के कारण महत्वपूर्ण वार्ता नहीं हो सकी। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 1 से 2 दिनों के भीतर कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्राचार्य के साथ-साथ विश्वविद्यालय प्रशासन का भी उग्र घेराव किया जाएगा। इस दौरान भारी संख्या में कर्मचारी और संघ के सदस्य उपस्थित रहे।


