

आपणी हथाई न्यूज, रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइजी ‘धुरंधर’ की ऐतिहासिक सफलता ने फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। अब सभी की निगाहें उनके अगले बड़े प्रोजेक्ट पर टिकी हैं। सुपरस्टार ने निर्देशक जय मेहता की पोस्ट-एपोकैलिप्टिक थ्रिलर ‘प्रलय’ के लिए कमर कस ली है। हाल ही में फिल्म को लेकर कुछ अफवाहें उड़ी थीं कि अभिनेता और निर्देशक के बीच रचनात्मक मतभेदों के चलते फिल्म ठंडे बस्ते में जा सकती है, लेकिन अब प्रोडक्शन हाउस ने इन सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।
प्री-प्रोडक्शन का काम जोरों पर
प्रोडक्शन से जुड़े एक आधिकारिक सूत्र ने पुष्टि की है कि फिल्म पूरी तरह से पटरी पर है। सूत्र के मुताबिक, “रणवीर और जय मेहता लगातार संपर्क में हैं और फिल्म की स्क्रिप्ट को अंतिम रूप दिया जा चुका है। वर्तमान में यह प्रोजेक्ट प्री-प्रोडक्शन के चरण में है, जहाँ भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक अभूतपूर्व विजुअल एक्सपीरियंस तैयार करने की कोशिश की जा रही है।” योजना के अनुसार, फिल्म की शूटिंग अगस्त 2026 में शुरू होने वाली है।
300 करोड़ का भारी-भरकम बजट और ज़ोंबी जॉनर
‘प्रलय’ को लेकर चर्चा है कि यह लगभग 300 करोड़ रुपये के भव्य बजट पर तैयार की जा रही है। यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर होगी, जिसकी कहानी एक डिस्टोपियन और विनाश के बाद की दुनिया (Post-Apocalyptic) पर आधारित है। विशेष बात यह है कि यह फिल्म हिंदी सिनेमा में ‘ज़ोंबी जॉनर’ को एक बिल्कुल नए और वैश्विक स्तर पर पेश करने वाली है। इस फिल्म का लेखन जय मेहता और विशाल कपूर ने मिलकर किया है, जबकि निर्माण हंसल मेहता की ‘ट्रू स्टोरी फिल्म्स’, रणवीर सिंह की ‘मा कसम फिल्म्स’ और ‘अप्लॉज एंटरटेनमेंट’ के बैनर तले हो रहा है।
नए अवतार में दिखेंगे सुपरस्टार
इस प्रोजेक्ट को लेकर रणवीर सिंह काफी उत्साहित बताए जा रहे हैं, क्योंकि इसमें वे एक ऐसे क्षेत्र और लुक में नजर आएंगे जिसे दर्शकों ने पहले कभी नहीं देखा। ‘प्रलय’ पर ध्यान केंद्रित करने के लिए उन्होंने फिलहाल कोई और फिल्म साइन नहीं की है। हालांकि, चर्चा है कि वे निर्देशक आदित्य धर के साथ एक और प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत कर रहे हैं, जिसे वे ‘प्रलय’ का काम पूरा करने के बाद शुरू कर सकते हैं।


