

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया। दिल्ली से कोटा की ओर जा रही एक कार में अचानक भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार तीन महिलाओं, एक बच्ची और एक पुरुष को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और पांचों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई। इस चीख-पुकार के बीच कार चालक विनोद कुमार मेहर किसी तरह वाहन से बाहर कूदने में सफल रहा, लेकिन वह भी लगभग 80 प्रतिशत तक झुलस गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौजपुर थाने के पास पिलर नंबर 115/300 पर कार धू-धू कर जलने लगी थी और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एसपी सुधीर चौधरी और डीएसपी कैलाश जिंदल ने घटनास्थल का जायजा लिया। घायल ड्राइवर को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि सभी मृतक मध्य प्रदेश के श्योपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।


