

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर पुलिस लाइन में तैनात एक हेड कांस्टेबल का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य खराब होने से निधन हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रामपुरा बस्ती निवासी अमर सिंह शेखावत (60) पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और पुलिस लाइन में अपनी सेवाएं दे रहे थे। रविवार को वह निर्धारित ड्यूटी के लिए पुलिस लाइन पहुंचे थे। दोपहर के समय वह पुलिस लाइन स्थित अपने क्वार्टर में आराम करने चले गए।
काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथी पुलिसकर्मियों को चिंता हुई। इसके बाद वे क्वार्टर पहुंचे, जहां अमर सिंह शेखावत अचेत अवस्था में मिले। घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी गई।
परिजन और पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र विजेन्द्र सिंह शेखावत की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


