

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर रेंज पुलिस ने गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। आईजी ओमप्रकाश के निर्देशन में बीकानेर संभाग के चारों जिलों में चलाए गए 30 दिवसीय विशेष अभियान के दौरान पुलिस और साइबर टीम ने 100 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
आईजी ओमप्रकाश ने प्रेस वार्ता में बताया कि अभियान के दौरान ऐसे मोबाइल भी बरामद किए गए जो तीन दिन पहले से लेकर चार वर्ष पूर्व तक गुम हुए थे। साइबर एक्सपर्ट्स और जिला पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए भविष्य में भी इसी तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि लोगों को शीघ्र राहत मिल सके। प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा, सीओ अनुष्ठा कालिया तथा साइबर टीम के विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान आईजी ओमप्रकाश ने स्वयं मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।


