Homeखटाखट स्टोरीBikaner : निकाय चुनाव के बीच बीजेपी पार्टी के मंडल कोषाध्यक्ष गिरफ्तार,...

Bikaner : निकाय चुनाव के बीच बीजेपी पार्टी के मंडल कोषाध्यक्ष गिरफ्तार, पढ़ें क्या है पूरा मामला

Bikaner आपणी हथाई न्यूज,निकाय चुनाव के माहौल के बीच बीकानेर से सामने आई एक गिरफ्तारी ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है। गंगाशहर थाना पुलिस ने जुलाई माह में बंद मकान में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी का सामान खरीदने के आरोप में संजय सोनी को गिरफ्तार किया है। संजय सोनी की पहचान 40 वर्षीय संजय सोनी पुत्र गौरी शंकर सोनी, जाति सोनी, निवासी चौपड़ा स्कूल के पास, डीएस ज्वैलर्स, नई लाइन, गंगाशहर, बीकानेर के रूप में हुई है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार संजय बीजेपी पार्टी के मंडल कोषाध्यक्ष बताए जा रहे हैं।

29 जुलाई को बंद मकान में हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को परिवादिया रेणु गहलोत निवासी सुजानदेसर ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि वह अपना मकान बंद कर शहर से बाहर गई हुई थीं। पीछे से अज्ञात चोरों ने रात के समय मकान का ताला कटर से काटकर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश के लिए टीम गठित की। पुलिस ने सूचना संकलन और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर कार्रवाई करते हुए जगदीश कुमार लखेसर पुत्र कानाराम लखेसर, उम्र 29 वर्ष, निवासी पाबूजी मंदिर के पास, भीनासर, थाना गंगाशहर को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया चोरी के माल का नेटवर्क

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी जगदीश लखेसर ने बताया कि वह अपने साथियों अनिल ब्राह्मण और राहुल नायक के साथ बीकानेर शहर में नकबजनी की वारदातें करता है  और सोना-चांदी संजय सोनी को बेचता था। इसके बाद पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में संजय सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पुलिस की ओर से गहन अनुसंधान और पूछताछ जारी है।

चुनावी माहौल में गिरफ्तारी से सियासी चर्चा

निकाय चुनाव के बीच संजय सोनी की गिरफ्तारी सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। खास बात यह है कि जिन संजय सोनी की गिरफ्तारी पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में की है, उन्हें राजनीतिक स्तर पर मंडल कोषाध्यक्ष बताया जा रहा है। ऐसे में चुनावी सरगर्मियों के बीच हुई इस गिरफ्तारी ने मामले को राजनीतिक रूप से भी चर्चा में ला दिया है।हालांकि, पार्टी से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।



ताजा खबर