Homeखटाखट स्टोरीBollywood : शाहरुख की ‘किंग’ में 20 साल बाद ये जोड़ी मचाएगी...

Bollywood : शाहरुख की ‘किंग’ में 20 साल बाद ये जोड़ी मचाएगी धमाल, रिलीज डेट आई सामने

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, बॉलीवुड की पसंदीदा जोड़ियों में शामिल अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आ सकते हैं। दोनों की जोड़ी करीब 20 साल बाद शाहरुख खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ में दिखाई देने की चर्चा है। खास बात यह है कि इस बार दोनों सिर्फ साथ नजर ही नहीं आएंगे, बल्कि फिल्म में कपल का किरदार निभाने की भी खबरें सामने आ रही हैं।

अभिषेक और रानी की जोड़ी इससे पहले ‘बंटी और बबली’, ‘कभी अलविदा ना कहना’, ‘बस इतना सा ख्वाब है’ और ‘लागा चुनरी में दाग’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुकी है। दोनों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। ऐसे में इतने लंबे अंतराल के बाद दोनों को फिर एक साथ देखने की खबर ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

पहले मां के किरदार की थी चर्चा, अब सामने आई नई जानकारी

‘किंग’ में रानी मुखर्जी के रोल को लेकर पहले अलग-अलग तरह की चर्चाएं सामने आई थीं। शुरुआती खबरों में कहा जा रहा था कि रानी फिल्म में सुहाना खान की मां का छोटा किरदार निभा सकती हैं। हालांकि, अब सामने आई नई जानकारी के मुताबिक उनका रोल इससे कहीं ज्यादा अहम हो सकता है और वह अभिषेक बच्चन के साथ नजर आएंगी।

वहीं अभिषेक बच्चन के फिल्म में नकारात्मक किरदार निभाने की चर्चा पहले से ही है। अगर रानी और अभिषेक फिल्म में पति-पत्नी या कपल के रूप में नजर आते हैं तो उनकी कहानी फिल्म में किस मोड़ पर पहुंचती है, यह देखना दिलचस्प होगा।

शाहरुख ने रानी को लेकर दिया था खास जवाब

‘किंग’ की स्टारकास्ट को लेकर शाहरुख खान से सोशल मीडिया पर सवाल भी पूछा जा चुका है। एक प्रशंसक ने रानी मुखर्जी की फिल्म में मौजूदगी को लेकर सवाल किया तो शाहरुख ने जवाब दिया था कि रानी उनकी फिल्म में हों या न हों, दोनों ही सूरतों में वह उन्हें पसंद करते हैं। वहीं दीपिका पादुकोण के साथ दोबारा स्क्रीन शेयर करने को लेकर पूछे गए सवाल पर शाहरुख ने कहा था कि वह भी इसके लिए उत्साहित हैं।

शाहरुख-सुहाना के साथ नजर आएगी बड़ी स्टारकास्ट

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही ‘किंग’ एक बड़े स्तर की एक्शन ड्रामा फिल्म बताई जा रही है। फिल्म में शाहरुख खान के साथ उनकी बेटी सुहाना खान, दीपिका पादुकोण, जैकी श्रॉफ, अनिल कपूर और अभिषेक बच्चन के नजर आने की चर्चा है। सुहाना इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर अपना थिएट्रिकल डेब्यू करेंगी, जबकि अभिषेक के नकारात्मक किरदार को लेकर पहले ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है।

फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब अगर अभिषेक बच्चन और रानी मुखर्जी की जोड़ी की खबर सच साबित होती है तो करीब दो दशक बाद दोनों की वापसी ‘किंग’ के लिए एक और बड़ा आकर्षण बन सकती है।



ताजा खबर