

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, नयाशहर थाना क्षेत्र में चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाते हुए हजारों रुपए की नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। वारदात सोनगिरी कुआं रोड स्थित वेद व्यास मार्ग पर संस्कार स्कूल के सामने रहने वाले गगन जोशी के घर हुई। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

गगन जोशी के अनुसार, 13 से 15 अक्टूबर के बीच चोरों ने उनके घर में प्रवेश कर अलमारी में रखा सामान पार कर दिया। चोरी हुए सामान में 55 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन, करीब 12 ग्राम सोने की चेन, लगभग 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र, करीब 200 ग्राम चांदी की चार पायल और चांदी की तीन बिछिया सहित अन्य वस्तुएं शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने नयाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है, ताकि आरोपियों का पता लगाकर चोरी गए सामान की बरामदगी की जा सके।



