Homeखटाखट स्टोरीPolitics : दिल्ली की रैली में नहीं पहुंचे तो गई कुर्सी! राजस्थान...

Politics : दिल्ली की रैली में नहीं पहुंचे तो गई कुर्सी! राजस्थान यूथ कांग्रेस के 43 पदाधिकारी सस्पेंड, बीकानेर के दोनों जिलाध्यक्ष भी शामिल

Politics आपणी हथाई न्यूज, दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की महारैली से दूरी बनाना राजस्थान युवा कांग्रेस के 43 पदाधिकारियों को भारी पड़ गया है। भारतीय युवा कांग्रेस ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए प्रदेश के 12 जिलाध्यक्षों सहित 31 प्रदेश पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई से प्रदेश के युवा कांग्रेस संगठन में हलचल मच गई है। खास बात यह है कि निलंबित होने वालों में बीकानेर देहात के जिलाध्यक्ष राजेश गोदारा और बीकानेर शहर के जिलाध्यक्ष रामदयाल बेनीवाल के नाम भी शामिल हैं। इनके अलावा बीकानेर शहर से प्रदेश सचिव मुजाहिद कुरैशी पर भी कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस और इंडिया गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली में अनुपस्थिति को लेकर की गई है। संगठन नेतृत्व ने रैली में प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की गैरमौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाया है। पांच नवंबर को जारी निलंबन आदेशों पर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी विकास चिकारा तथा राष्ट्रीय सचिव व प्रदेश सह प्रभारी ज्ञानेश शुक्ला के हस्ताक्षर हैं। सभी संबंधित पदाधिकारियों को आगामी आदेश तक निलंबित किया गया है।

इन 12 जिलाध्यक्षों पर हुई कार्रवाई

निलंबित जिलाध्यक्षों में राजसमंद से चिराग पालीवाल, जालोर से विकास मांजू, बीकानेर देहात से राजेश गोदारा, बारां से रामेश्वर बैरवा, बांसवाड़ा से पृथ्वीराज मालवीय, डूंगरपुर से अरविंद यादव, बीकानेर शहर से रामदयाल बेनीवाल, प्रतापगढ़ से मोहम्मद शकील, बालोतरा से सुरेश माली, डीग से हसन खान, चूरू से आसिफ खान और ब्यावर से प्रवीण सिखवाल शामिल हैं।

31 प्रदेश पदाधिकारी भी निलंबित

जिलाध्यक्षों के अलावा प्रदेश स्तर के 31 पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। इनमें एक प्रदेश उपाध्यक्ष, 10 प्रदेश महासचिव और 20 प्रदेश सचिव शामिल हैं। निलंबित प्रदेश पदाधिकारियों में बीकानेर शहर के प्रदेश सचिव मुजाहिद कुरैशी का नाम भी शामिल है। इस तरह बीकानेर में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े तीन प्रमुख पदाधिकारियों पर कार्रवाई हुई है।

गौरतलब है कि दिल्ली में आयोजित महारैली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सहित इंडिया गठबंधन के कई प्रमुख नेता शामिल हुए थे। रैली के बाद संगठन स्तर पर पदाधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा की गई और उसके आधार पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया। राजस्थान में एक साथ 43 पदाधिकारियों का निलंबन युवा कांग्रेस के संगठन में बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई माना जा रहा है।

 

 



ताजा खबर