धर्मधारा आपणी हथाई न्यूज, गोकुल सर्किल स्थित शिव शक्ति साधना पीठ में सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। पीठ में पंडित मनमोहन किराड़ू द्वारा स्थापित ब्रह्म महाकालेश्वर का श्रद्धालुओं ने विधिवत खीर से अभिषेक किया। इसके साथ ही भगवान शिव को उनके 1001 नामों का स्मरण करते हुए 1001 कमल के पुष्प अर्पित किए गए।
सावन मास की पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस विशेष पूजा-अर्चना का नेतृत्व पंडित संदीप किराडू बसंत किराडू ने किया। इस दौरान एडवोकेट मदन गोपाल प्याऊ, शंकर गणेश, मनोज, प्रह्लाद, शुभकरण आनंदजी, राधाकृष्ण किराड़ू सहित शिव शक्ति साधना पीठ के अनेक भक्त मौजूद रहे और श्रद्धा के साथ भगवान महादेव की आराधना की।
धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान शिव को सफेद पदार्थ अत्यंत प्रिय माने जाते हैं। दूध, दही, चावल और सफेद वस्त्र आदि अर्पित करने से मन को शांति और शीतलता प्राप्त होने की मान्यता है। इसी भाव के साथ परिवार में सुख-शांति, आर्थिक समृद्धि और मानसिक शीतलता की कामना को लेकर ब्रह्म महाकालेश्वर का खीर से अभिषेक किया गया। सावन पूर्णिमा पर हुए इस विशेष अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।


