HomeमनोरंजनBollywood : 'मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ हुआ वायरल, आखिर कौन हैं...

Bollywood : ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ हुआ वायरल, आखिर कौन हैं वो नेत्रहीन गायक जिसकी आवाज ने मचा दी धूम?

Bollywood आपणी हथाई न्यूज, सिनेमा जगत में इन दिनों ‘हनुमान अंश’ फिल्म चर्चा में बनी हुई है। बाबा नीम करोली की जीवनी पर आधारित इस फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। इसी बीच फिल्म का एक भजन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि इस भजन को बुंदेलखंड के नेत्रहीन लोक गायक सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है।

फिल्म में सुनील लोधी की आवाज में गाया गया भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ इन दिनों लोगों की जुबान पर चढ़ा हुआ है। लोक अंदाज में तैयार इस भजन को सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है। बुंदेलखंड की मिट्टी से निकली सुनील की सादगी भरी आवाज ने फिल्म के इस गीत को खास बना दिया है।

सुनील लोधी लंबे समय से पारंपरिक तरीके से लोकगीत और भजन गाते रहे हैं। वह तमूरा की धुन पर कभी अपने क्षेत्र में नाव और ट्रेन में बैठकर भी गीत सुनाया करते थे। अब उनकी यही देसी आवाज मुंबई के स्टूडियो तक पहुंच चुकी है। ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ ने उन्हें नई पहचान दी है और उनकी गायकी को बड़े स्तर पर पहचान मिल रही है।

फिल्म के लिए यह भजन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि इसकी प्रस्तुति कहानी के भाव और आध्यात्मिक माहौल के साथ मेल खाती है। सोशल मीडिया पर इसके छोटे-छोटे वीडियो और अन्य सामग्री लगातार साझा की जा रही है, जिससे गाने की पहुंच तेजी से बढ़ी है।

विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ 31 जुलाई को सीमित सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म की बॉक्स ऑफिस रफ्तार धीमी रही। पहले दो सप्ताह में खास प्रदर्शन नहीं करने के बाद तीसरे सप्ताह तक इसकी कमाई करीब 10 करोड़ रुपये रही।

इसके बाद चौथे सप्ताहांत में फिल्म ने अचानक जोरदार वापसी की। दर्शकों की बढ़ती दिलचस्पी के चलते इसकी कमाई में तेजी आई और अब फिल्म करीब 46 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। ऐसे में फिल्म की कहानी के साथ-साथ सुनील लोधी की आवाज में गाया गया ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ भी इसकी चर्चा की बड़ी वजह बन गया है।



ताजा खबर