

बीकानेर आपणी हथाई न्यूज, बुधवार की सुबह बीकानेर के सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबेडकर सर्किल स्थित बिजली विभाग कार्यालय के समीप एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल राहगीरों ने ट्रैफिक थाने के मोड़ के पास स्थित गंदे पानी के गहरे नाले में एक व्यक्ति का शव देखा, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची सदर थाना पुलिस और स्वयंसेवी संस्था के कार्यकर्ताओं को शव बाहर निकालने के लिए घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
प्राथमिक दृष्टि में शव करीब पाँच से छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जो अत्यधिक सड़-गल जाने के कारण क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि शरीर के कुछ अंग भी गायब थे। सहायक उप निरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सेवादारों की मदद से शव को नाले से बाहर निकलवाकर पीबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।


