

आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर के कोटगेट थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह पुलिस हिरासत से एक युवक के फरार होने का मामला सामने आया है। मारपीट के मामले में पकड़े गए आरोपी को मेडिकल जांच के लिए ले जाया जा रहा था, तभी उसने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर मौके से भाग निकला। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहर के सभी थानों को अलर्ट कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी आजाद उर्फ कलवा को बीती रात मारपीट के एक मामले में हिरासत में लिया गया था। मंगलवार सुबह पुलिस टीम उसे मेडिकल मुआयना करवाने के लिए वाहन में बैठाकर अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने मौका देखकर पुलिसकर्मियों को धक्का दिया और पास की गलियों की तरफ भाग निकला। जब तक पुलिसकर्मी संभल पाते, वह आंखों से ओझल हो चुका था।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी करवाई और अलग-अलग इलाकों में तलाश अभियान शुरू किया गया। आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मारपीट के मुकदमे के अलावा अब हिरासत से फरार होने का नया मामला भी दर्ज किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी की पहचान और हुलिये से जुड़ी जानकारी भी सार्वजनिक की है। आरोपी आजाद उर्फ कलवा पुत्र कायम, निवासी कोटगेट थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। घटना के समय उसने हल्के रंग की टी-शर्ट और काले रंग का लोवर पहन रखा था। उसकी लंबाई करीब साढ़े पांच फीट बताई जा रही है तथा चेहरे पर हल्की दाढ़ी है।
कोटगेट थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपी कहीं दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। मामले को लेकर पुलिस लगातार निगरानी और सर्च ऑपरेशन चला रही है।


