

आपणी हथाई न्यूज,भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक बार फिर पड़ोसी देश की नापाक साजिश को नाकाम कर दिया है। रविवार को बीकानेर सेक्टर में चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान बीएसएफ ने करीब 1 किलो हेरोइन बरामद की है। आशंका जताई जा रही है कि नशीले पदार्थों की यह खेप शनिवार रात को पाकिस्तानी तस्करों द्वारा ड्रोन की मदद से भारतीय सीमा में गिराई गई थी।
खुफिया सूचना मिलने के बाद बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने सरहदी इलाकों से सटे खेतों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया। रविवार सुबह करीब 11 बजे खाजूवाला के पास स्थित गांव ‘5 बीडी’ (रावला) के रोही क्षेत्र से नशीले पदार्थ का यह पैकेट बरामद हुआ। बरामद की गई हेरोइन को जप्त कर आगे की जांच के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
हथियारों की बरामदगी से जुड़ रहे हैं तार
हैरानी की बात यह है कि इसी क्षेत्र में तीन दिन पहले (26 फरवरी) भी सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए थे, जिसमें चाइनीज पिस्टल और 325 कारतूस शामिल थे। जिस स्थान पर हथियार मिले थे, उससे महज 3.5 किलोमीटर की दूरी पर ही अब हेरोइन बरामद हुई है। जांच एजेंसियां अब इन दोनों मामलों को एक साथ जोड़कर देख रही हैं। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस तस्करी के लिए ‘चाइनीज क्वाडकॉप्टर’ (ड्रोन) का इस्तेमाल किया गया था, जिसे पाकिस्तान में असेंबल किया गया हो सकता है। फिलहाल बीएसएफ की फॉरेंसिक टीम ड्रोन के रूट और तस्करों के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।


