

Bikaner आपणी हथाई न्यूज, छतरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी नहर पर हुए दर्दनाक हादसे ने पांच युवकों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। नहर की 655 आरडी के पास एक स्विफ्ट कार अचानक अनियंत्रित होकर पानी में जा गिरी। हादसे के दौरान कार में सवार तीन युवक किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि दो युवक पानी में डूब गए। इनमें से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, वहीं दूसरे की तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल जुटे हुए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कार 682 आरडी की ओर से नहर की पटरी के रास्ते आ रही थी। इसी दौरान अचानक टायर फटने से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे नहर में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर हड़कंप मच गया। कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें से तीन ने तैरकर अपनी जान बचा ली। हालांकि, प्रेम (23) और इमरान (18) पानी में डूब गए।

छतरगढ़ थानाधिकारी नवनीत सिंह के मुताबिक, हादसे में प्रेम की मौत हो गई। उसका शव नहर से बाहर निकलवाकर छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, इमरान की तलाश लगातार जारी है। कार में सवार अन्य तीन युवकों की पहचान लियाकत, माशूक और रफीक के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थानाधिकारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दूसरे युवक की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।



