

आपणी हथाई न्यूज,बीकानेर। भारतीय नववर्ष (चैत्र शुक्ल प्रतिपदा) के उपलक्ष्य में हिंदू जागरण मंच द्वारा आयोजित होने वाली भव्य धर्मयात्रा और महाआरती की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंच के प्रांत सह-संयोजक शैलेष गुप्ता की अध्यक्षता में शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि कल, 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्रातः 10:00 बजे स्थानीय कर्णेश्वर महादेव मंदिर (किराडू बगेची के पास) में महादेव का ‘सहस्त्रधारा जलाभिषेक’ किया जाएगा। विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में होने वाले इस अनुष्ठान के साथ ही आगामी धर्मयात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। बैठक के आरंभ में मंच के सदस्यों ने पुलवामा के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
महानगर संयोजक कैलाश भार्गव ने बताया कि हिंदू जागरण मंच की परंपरा के अनुसार, प्रतिवर्ष नववर्ष आयोजन से पूर्व महादेव का आशीर्वाद लिया जाता है। इस सहस्त्रधारा अभिषेक में मंच के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आमजन भी सहभागी बनेंगे। जलाभिषेक के पश्चात धर्मयात्रा की गतिविधियों में तेजी आएगी और होली के तुरंत बाद आयोजन कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा। इस कार्यालय के माध्यम से शहरवासियों को घरों और चौराहों को सजाने हेतु ध्वज, पोस्टर और प्रचार सामग्री वितरित की जाएगी। साथ ही, उत्सव के प्रति जागरूकता लाने के लिए नगर के विभिन्न मोहल्लों और नुक्कड़ों पर निमंत्रण सभाओं का दौर भी शुरू होगा।


