

आपणी हथाई न्यूज, राजस्थान सरकार के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर के पुत्र धनंजय सिंह को फोन पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक प्राइवेट नंबर से आए कॉल पर अज्ञात व्यक्ति ने पहले उनकी पहचान की पुष्टि की और फिर जयपुर आने के बारे में जानकारी ली। बातचीत के दौरान कॉल करने वाले ने धमकी भरे अंदाज में कहा कि “संभलकर रहना, गोली मार देंगे।” घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून को धनंजय सिंह अपने कार्यालय में मौजूद थे, तभी उनके मोबाइल पर एक निजी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पहले उनका नाम पूछा और फिर जयपुर आने का समय जानना चाहा। धनंजय सिंह द्वारा मीटिंग के सिलसिले में जयपुर आने की बात कहने पर आरोपी ने उन्हें सावधान रहने की चेतावनी दी। जब धमकी का कारण पूछा गया तो आरोपी ने गोली मारने की धमकी देते हुए फोन काट दिया।
घटना के बाद धनंजय सिंह ने नागौर जिले के खींवसर थाना में मामला दर्ज करवाया है। शिकायत में यह भी बताया गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे हैं। उन्होंने पुलिस को संबंधित स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी सौंप दिए हैं।
धनंजय सिंह ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इससे पहले भी उन पर हमला हो चुका है, जिसके चलते उनकी सुरक्षा में हथियारबंद QRT टीम तैनात रहती है। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि इस मामले में राजस्थान पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


