

आपणी हथाई न्यूज,अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत की नई फिल्म भारत भाग्य विधाता को लेकर राजस्थान में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। दिल्ली में टैक्स फ्री घोषित होने के बाद अब राजस्थान में भी इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों की बहादुरी और सेवा भावना पर आधारित है, जिसने दर्शकों को भावुक कर दिया है।
जयपुर के ईपी सिनेमा में शुक्रवार को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। फिल्म देखने के बाद सभी ने स्वास्थ्यकर्मियों के साहस और समर्पण की खुलकर सराहना की। इसी दौरान कंगना रनौत और इंडियन नर्सिंग काउंसिल के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर फिल्म को राजस्थान में टैक्स फ्री करने का आग्रह भी किया।
मीडिया से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन नहीं बल्कि देशसेवा और मानवता की मिसाल पेश करने वाली कहानी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस फिल्म को टैक्स फ्री कर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करेगी। वहीं उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने भी फिल्म की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान को समाज के सामने लाना बेहद जरूरी है।
स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान कई नर्सिंग कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया था। फिल्म प्रदर्शन के बाद मंच पर नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान किया गया। इंडियन नर्सिंग काउंसिल और टीएनएआई राजस्थान के पदाधिकारियों ने कहा कि यह फिल्म सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करती है, इसलिए इसे टैक्स फ्री किया जाना चाहिए ताकि युवा पीढ़ी भी इससे प्रेरणा ले सके।
फिल्म के बहाने 26/11 हमले के दौरान कामा अस्पताल के कर्मचारियों के साथ हुए अन्याय का मुद्दा भी फिर सामने आया। उस समय बहादुरी दिखाने वाले कर्मचारियों को विशेष वेतन वृद्धि देने की घोषणा की गई थी, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी उन्हें इसका लाभ नहीं मिल पाया। इस पर नाराजगी जताते हुए कंगना रनौत ने कहा कि उन स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं बल्कि अधिकार देकर होना चाहिए।


