

आपणी हथाई न्यूज, भारतीय जनता युवा मोर्चा ने राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी की नई सूची जारी कर दी है। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देशानुसार घोषित इस कार्यकारिणी में प्रदेशभर के युवा नेताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। संगठन ने आगामी चुनावी और सामाजिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए युवा चेहरों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया है।
नई सूची में जितेंद्र सिंह राठौड़, दीनदयाल गुर्जर, राकेश कटारिया, शिवराज सिंह, राकेश पंवार, सुदर्शन गौतम और आशीष कुलहरी को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं ऋषिकेश मीणा, लोकेंद्र सिंह रायथलिया और आदित्य पुजारी को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा धीरज शर्मा, रघुनाथ बिश्नोई, इंजीनियर राहुल लेखा, रमेश गुर्जर, कृष्णपाल सिंह चुंडावत, दिनेश राणा, दिव्यांश भारद्वाज और वीके कुशवाह सहित कई नेताओं को प्रदेश मंत्री बनाया गया है।
कार्यकारिणी में संगठनात्मक और मीडिया गतिविधियों को मजबूत करने के लिए भी कई नियुक्तियां की गई हैं। ज्ञानेंद्र जैन को प्रदेश कोषाध्यक्ष, राहुल देवड़ा को सह कोषाध्यक्ष और हर्ष शर्मा को कार्यालय प्रभारी नियुक्त किया गया है। मीडिया प्रभारी के रूप में हर्षित शर्मा तथा सह प्रभारी के रूप में मदन गोपाल सोनी को जिम्मेदारी मिली है। सोशल मीडिया प्रभारी का दायित्व मयूर वाल्मीकि को दिया गया है, जबकि आईटी संयोजक के रूप में नमन शर्मा और सह संयोजक के रूप में अजयनाथ ढाका को नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा प्रशिक्षण प्रभारी के रूप में निकिता शेखावत, नीति एवं शोध संयोजक के रूप में सुरेश सामरिया तथा “मन की बात” कार्यक्रम प्रभारी के रूप में अमन सैनी को जिम्मेदारी दी गई है। संगठन ने प्रदेश प्रवक्ता टीम में भी कई चेहरों को शामिल किया है, जिनमें ध्रुव श्रीमाली, डॉ. सुनील मेघवाल, नीरज वशिष्ठ, बिजेंद्र माहावा, रोहित मीणा, घनश्याम गौतम, राजवीर सिंह राठौड़, हरीश शर्मा और हिमांशु बागड़ी सहित अन्य नाम प्रमुख हैं।
बीकानेर में इन तीन चेहरों को मिली जिम्मेदारी
बीकानेर जिले की बात करें तो बीकानेर शहर से मदन गोपाल सोनी को मीडिया सह प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। वहीं बीकानेर देहात से डॉ. सुनील मेघवाल और मुरलीधर सैन को प्रदेश प्रवक्ता मंडल में शामिल किया गया है। इन नियुक्तियों से जिले के युवा भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और इसे संगठन में बीकानेर की मजबूत भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।


