Homeखटाखट स्टोरीSports : लड़के से लड़की बनी इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बेटी...

Sports : लड़के से लड़की बनी इस पूर्व भारतीय क्रिकेटर की बेटी को मिली क्रिकेट खेलने की अनुमति

Sports आपणी हथाई न्यूज,भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर संजय बांगर की संतान अनाया बांगर के लिए क्रिकेट के मैदान पर वापसी की राह खुलती नजर आ रही है। लिंग परिवर्तन के बाद महिला क्रिकेट खेलने को लेकर चुनौतियों का सामना कर रहीं अनाया को ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की अनुमति मिल गई है। इस फैसले को उन्होंने अपनी जिंदगी का बड़ा दिन बताते हुए ऑस्ट्रेलिया का आभार जताया है। अनाया ने यह भी कहा कि एक दौर ऐसा आया था, जब उन्हें लगने लगा था कि वह दोबारा कभी क्रिकेट नहीं खेल पाएंगी।

अनाया बांगर मुंबई क्रिकेट में सरफराज खान और मुशीर खान के साथ भी खेल चुकी हैं। दोनों के साथ उनकी दोस्ती भी रही है। उस समय अनाया पुरुष क्रिकेटर के तौर पर खेलती थीं। बाद में उन्होंने लिंग परिवर्तन की प्रक्रिया अपनाई, जिसके बाद महिला क्रिकेट में खेलने को लेकर उनके सामने कई नियम और प्रतिबंध आ गए।

ऑस्ट्रेलिया में ट्रांसजेंडर और लिंग विविधता वाले खिलाड़ियों के लिए निर्धारित नियमों के तहत कुछ शर्तें पूरी करने पर कम्युनिटी क्रिकेट में खेलने की अनुमति दी जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक खिलाड़ियों के लिए सीरम टेस्टोस्टेरोन का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर रखना जरूरी होता है। यदि अनाया भविष्य में ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग जैसी प्रतियोगिता में खेलने का लक्ष्य रखती हैं, तो उन्हें संबंधित पात्रता मानदंड पूरे करने होंगे।

वहीं, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके लिए चुनौतियां अभी भी बरकरार हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने पुरुष से महिला बने खिलाड़ियों के लिए महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। ऐसे में फिलहाल अनाया के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महिला क्रिकेट खेलने का रास्ता बंद है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया में कम्युनिटी क्रिकेट खेलने की अनुमति उनके लिए क्रिकेट से जुड़े अपने सपने को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



ताजा खबर