Sports आपणी हथाई न्यूज, भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल डेब्यू पर गेंद से धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले जय मूंदड़ा अब वनडे फॉर्मेट में धमाल मचाने उतरेंगे। भारतीय मूल के इस क्रिकेटर को आयरलैंड की वनडे टीम में शामिल किया गया है, जो अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज खेलेगी।
जय मूंदड़ा का जन्म राजस्थान में हुआ था। वह अपनी हायर स्टडीज के लिए आयरलैंड गए, लेकिन क्रिकेट खेलने के जूनून ने उनकी आयरिश क्रिकेट टीम में एंट्री करा दी। कुछ दिन पहले हुई भारत और आयरलैंड के बीच टी20 सीरीज में जय में इंटरनेशनल डेब्यू करते हुए जबरदस्त गेंदबाजी से तहलका मचाया।उन्होंने दो मैचों में 5 विकेट झटके, जिससे आयरलैंड ने पहली बार भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। जय को इसी प्रदर्शन का इनाम वनडे टीम में चयन के रूप में मिला है। अगर वह अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में डेब्यू करते हैं तो ऐसे दूसरे भारतीय मूल के क्रिकेटर बन जाएंगे, जिसने आयरलैंड के लिए वनडे खेला हो।
मूंदड़ा की वनडे डेब्यू पर नजर
आयरलैंड और अफगानिस्तान की टीमें 5-14 अगस्त के बीच 5 मुकाबलों की वनडे सीरीज खेलेंगी, जिसके शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए आयरलैंड ने कप्तान पॉल स्टर्लिंग को टीम में वापस बुलाया है। स्टर्लिंग मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान लगी चोट से उबरने के बाद वापसी कर रहे हैं। ‘क्रिकेट आयरलैंड’ ने मंगलवार को सीरीज के शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए 14 सदस्यीय टीम घोषित की है। जय मूंदड़ा के अलावा हाल के शानदार प्रदर्शन के बाद बेन कैलिट्ज और बायरन मैकडोनो को भी पहली बार वनडे टीम में शामिल किया गया है.


