

Rajasthan New Railway Line: जैसलमेर-बाड़मेर-भाभर रेल लाइन परियोजना को आखिरकार केंद्र सरकार से बड़ी मंजूरी मिल गई है। करीब तीन दशक से लंबित इस रेल प्रोजेक्ट के लिए अब 10 करोड़ रुपये की लागत से अंतिम स्थान सर्वेक्षण और डीपीआर तैयार की जाएगी।
यह रेल लाइन पश्चिमी राजस्थान को गुजरात और दक्षिण भारत से जोड़ने का शानदार मार्ग बनेगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर बाड़मेर-जैसलमेर-बालोतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद उमेदाराम बेनीवाल की पैरवी की जा रही थी।
रेल मंत्री से सीधी मुलाकात के साथ-साथ संसदीय स्थायी समिति की बैठकों में भी सांसद ने इस योजना की मजबूती से पैरवी की थी। रेल मंत्रालय से मिली स्वीकृति के तहत 380 किलोमीटर लंबी इस प्रस्तावित रेल लाइन के लिए 9.50 करोड़ रुपए की लागत से सर्वे होगा।
जैसलमेर के सोनू से रामगढ़ तक 20 किलोमीटर की अतिरिक्त रेल कनेक्टिविटी के लिए 50 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। कुल 10 करोड़ की इस योजना पर उत्तर पश्चिम रेलवे विस्तृत सर्वे और डीपीआर तैयार करेगा। Jaisalmer-Barmer-Bhabhar Rail Line Project


