

Rajasthan Roadways: राजस्थान रोडवेज अब आधुनिक परिवहन की ओर तेज़ी से कदम बढ़ा रहा है। वर्ष 2025 में राज्य सरकार की सहायता से रोडवेज अपने बेड़े में करीब 500 नई बसें शामिल करने की तैयारी कर रहा है।
इनमें डीजल, एसी और इलेक्ट्रिक बसें शामिल होंगी। अलवर के मत्स्य नगर डिपो को भी चार नई एसी बसें मिलने की उम्मीद है। इनमें दो बसें दिल्ली और दो बसें जयपुर रूट पर चलाई जाएंगी। फिलहाल अलवर से किसी भी रूट पर एसी बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है।
रोडवेज वर्ष 2024-25 के तहत 300 बसें अनुबंध पर लेने की तैयारी कर रहा है। इनमें 150 एक्सप्रेस बसें, 100 स्टार लाइन नॉन एसी 2 बाय 2 बसें होंगी। इसके अलावा 30 एसी 2 बाय 2 और 20 सुपर लग्जरी बसें अनुबंध पर ली जाएंगी। साथ ही 200 अन्य बसें भी अनुबंध पर ली जाएंगी।
राजस्थान रोडवेज डीजल बसों के साथ ही इलेक्ट्रिक बसें लेने की भी कवायद कर रहा है। रोडवेज प्रशासन ने 300 इलेक्ट्रिक बसें अनुबंध पर लेने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। ऐसा पहली बार होगा जब रोडवेज के बेड़े में इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल की जाएंगी। ये बसें मिलने के बाद रोडवेज का बेड़ा मजबूत होगा।
इससे पहले भी जयपुर और दिल्ली रूट पर एसी बसों का संचालन किया गया था, लेकिन यात्रीभार नहीं मिलने की वजह से इन्हें बंद कर दिया गया। पिछले दिनों ही डीलक्स डिपो, जयपुर की ओर से दौसा, सिकंदरा होते हुए अलवर तक एसी बसें भेजी गई थी, लेकिन यह एक ही दिन चली। इसके बाद संचालन बंद कर दिया गया। Rajasthan Roadways


