आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर जिलें में लगातार साइबर ठग किसी ना किसी को अपना निशाना बना रहे है। इसी संदर्भ में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जिसमें शेयर बाजार में अधिक मुनाफे का झांसा देकर एक सरकारी कर्मचारी से करीब 19.81 लाख रुपये हड़प लिए गए।
पुलिस के अनुसार, उत्तमामदेसर निवासी राम नारायण सारण, जो पंचायत समिति नोखा में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं, ने साइबर थाना बीकानेर में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि फरवरी माह में उनके व्हाट्सएप नंबर को ‘R11-5paisa Wealth Evolution’ नामक ग्रुप में जोड़ा गया, जहां शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। Cyber Crime
इसके बाद उन्हें ‘शालिनी कुलकर्णी’ नामक यूजर द्वारा एक अन्य ग्रुप ‘5paisa VIP Services-122’ में जोड़ा गया और एक ऐप के जरिए रजिस्ट्रेशन करवाया गया। शिकायत के अनुसार, अलग-अलग बैंक खातों में कुल 19,81,203 रुपये निवेश के नाम पर जमा करवाए गए।
परिवादी ने बताया कि निवेश के बाद उनके अकाउंट में लगभग 36.19 लाख रुपये का लाभ दिखाया गया, लेकिन जब उन्होंने राशि निकालने का प्रयास किया तो पैसे नहीं निकले। संपर्क करने पर आरोपी यूजर ने कोई जवाब नहीं दिया, जिसके बाद उन्हें धोखाधड़ी का शक हुआ।
इसके बाद पीडि़त ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई। मामले में साइबर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि यह मामला ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी से जुड़ा है और आरोपियों की पहचान व लोकेशन ट्रेस करने की कार्रवाई की जा रही है।


