Homeखटाखट स्टोरीSports : भारत के इन दिग्गजों के बाद अब बेटों ने भी...

Sports : भारत के इन दिग्गजों के बाद अब बेटों ने भी मचाई धूम,ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू में दिखा क्रिकेट का नया रंग

Sports आपणी हथाई न्यूज,भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच यूथ वनडे सीरीज का आगाज हो गया है। शुक्रवार, 18 सितंबर को राजकोट के निरंजन शाह स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में दो चर्चित क्रिकेट परिवारों के बेटों ने अपने अंतरराष्ट्रीय युवा क्रिकेट करियर की शुरुआत की। वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ को भारतीय प्लेइंग इलेवन में जगह मिली। आर्यवीर ने पारी की शुरुआत की, जबकि अन्वय छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे।

ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के कप्तान जैक जोस्नेक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे 18 वर्षीय आर्यवीर सहवाग ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 28 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके शामिल रहे और उनका स्ट्राइक रेट 107.69 रहा। आर्यवीर बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन डेब्यू मुकाबले में उनकी तेज बल्लेबाजी ने पिता वीरेंद्र सहवाग की आक्रामक बल्लेबाजी शैली की याद जरूर दिलाई।

इसके बाद छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए 17 वर्षीय अन्वय द्रविड़ ने अपने अंदाज से सभी का ध्यान खींच लिया। अन्वय ने महज 18 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 211.11 रहा। राहुल द्रविड़ की पारंपरिक रूप से संयमित बल्लेबाजी शैली से बिल्कुल अलग आक्रामक अंदाज में खेलते हुए अन्वय एली ब्रेन की गेंद पर बोल्ड हुए।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस दौरे पर तीन यूथ वनडे और दो मल्टी-डे मुकाबले खेले जाएंगे। वनडे टीम की कप्तानी लक्ष्य रायचंदानी को जबकि मल्टी-डे टीम की कमान यशबर्धन चौहान को सौंपी गई है। तीनों वनडे और पहला मल्टी-डे मुकाबला राजकोट में होगा, जबकि दूसरा मल्टी-डे मैच अहमदाबाद के बी ग्राउंड में खेला जाएगा।

सीरीज का दूसरा वनडे 21 सितंबर और तीसरा वनडे 23 सितंबर को राजकोट में सुबह 9 बजे से खेला जाएगा। इसके बाद 27 से 30 सितंबर तक पहला मल्टी-डे मुकाबला राजकोट में सुबह 9:30 बजे से होगा। दूसरा मल्टी-डे मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड पर सुबह 9:30 बजे से खेला जाएगा।

 



ताजा खबर