

Bikaner Crime आपणी हथाई न्यूज, बीकानेर में दिवाली से ठीक पहले हुए अकरम हत्याकांड में कोटगेट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल 20 वर्षीय सोहिल उर्फ भोमा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान रेलवे वर्कशॉप के पीछे सर्वोदय बस्ती निवासी सोहिल पुत्र सफीक मोहम्मद के रूप में हुई है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी विक्रम तिवारी ने बताया कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

गौरतलब है कि दिवाली से ठीक पहले गुरुवार रात कोटगेट थाना क्षेत्र में बड़ा डाकघर के पास अकरम पुत्र अख्तर अली पर 8 से 10 युवकों ने हमला कर दिया था। हमलावरों ने अकरम पर चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल अकरम को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शुक्रवार तड़के उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हत्याकांड के पीछे हैप्पी नाम के युवक पर हुए हमले का बदला लेने की बात सामने आई थी। बताया गया कि पहले हैप्पी के साथ मारपीट हुई थी और इसी रंजिश के चलते युवकों ने अकरम को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सोहिल उर्फ भोमा का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और नकबजनी सहित अलग-अलग धाराओं में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं।
यह कार्रवाई एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में एएसपी सिटी चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और सीओ सिटी अनुज डाल के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी विक्रम तिवारी के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर गौरव बोहरा और पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी में मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस का भी सहयोग रहा। मुक्ताप्रसाद थानाधिकारी विश्वजीत सिंह और उनकी टीम की इस कार्रवाई में विशेष भूमिका रही। पुलिस अब हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।



